
(सन्तोष यादव)
सुलतानपुर 22 अप्रैल।भारतीय वायु सेना ने उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर ज़िले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दिन और रात दोनों समय ‘इमरजेंसी लैंडिंग फ़ैसिलिटी’ (ELF) को एक्टिवेट किया, जिससे उसकी डिफेंस तैयारियों को मज़बूत करने की ऑपरेशनल क्षमता का पता चला।
सुलतानपुर शहर से 20 किमी दूर कूरेभार ब्लाक के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर निर्मित एयर स्ट्रिप मंगलवार को भारतीय वायुसेना की शक्ति और कौशल का गवाह बनी। आयोजित एयर शो कार्यक्रम में अत्याधुनिक लड़ाकू, परिवहन विमान और हेलीकॉप्टरों ने भाग लेते हुए ‘टच एंड गो’ ऑपरेशन का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग और अधिकारी मौजूद रहे।


एयर शो के दौरान आसमान में गूंजती गर्जना ने पूरे क्षेत्र का माहौल रोमांच से भर दिया। कार्यक्रम में शामिल लड़ाकू विमानों में Su-30 MKI, जगुआर और मिराज 2000ने अपनी तेज रफ्तार और सटीक संचालन से सबको प्रभावित किया। वहीं परिवहन विमानों में C-295और AN-32ने रनवे पर उतरने और उड़ान भरने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर श्रेणी में Mi-17 V5ने भी ‘टच एंड गो’ अभ्यास कर अपनी उपयोगिता और दक्षता का परिचय दिया।
इस अभ्यास के जरिए आपातकालीन परिस्थितियों में एक्सप्रेस-वे को वैकल्पिक रनवे के रूप में उपयोग करने की तैयारी को परखा गया।कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही एयर स्ट्रिप पर गतिविधियां तेज हो गईं। सबसे पहले लड़ाकू विमानों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, जिनमें Su-30 MKI, जगुआर और मिराज 2000शामिल रहे। इन विमानों ने कम ऊंचाई पर उड़ान, सटीक लैंडिंग और तुरंत टेकऑफ कर ‘टच एंड गो’ अभ्यास को बखूबी अंजाम दिया।
यह अभ्यास युद्ध या आपातकालीन स्थिति में सीमित संसाधनों के बीच त्वरित कार्रवाई की क्षमता को दर्शाता है। इसके बाद परिवहन विमानों C-295और AN-32ने एयर स्ट्रिप पर उतरने और उड़ान भरने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। इन विमानों की भूमिका सैनिकों, राहत सामग्री और आवश्यक उपकरणों के त्वरित परिवहन में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
हेलीकॉप्टर श्रेणी में Mi-17 V5ने भी अपनी उपयोगिता का परिचय देते हुए ‘टच एंड गो’ गरुण कमांडो के साथ स्लिदरिंग ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सेना के विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि, इस एयर शो का मुख्य उद्देश्य पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की एयर स्ट्रिप की उपयोगिता को परखना और आपातकालीन परिस्थितियों में इसे वैकल्पिक रनवे के रूप में इस्तेमाल करने की तैयारियों का आकलन करना था। वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से न केवल तकनीकी तैयारियों को मजबूती मिलती है, बल्कि समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता भी बेहतर होती है।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर, एयर मार्शल बी मणिकांतन,यूपीडा के सीईओ दीपक कुमार, क्षेत्रीय विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम सहित सेना और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एयर शो को बेहद सफल बताते हुए कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय लोगों के लिए भी यह आयोजन खास आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में लोग दूर-दूर से इस एयर शो को देखने पहुंचे और भारतीय वायुसेना के शौर्य और तकनीकी दक्षता को करीब से देखा।
विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की एयर स्ट्रीप पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी एक्टिवेट हुई थी। जिसमें भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान Su-30 MKI, जगुआर, मिराज 2000, परिवहन विमान, C-295 , AN-32, एयर शो में शामिल हुए। हेलीकॉप्टर Mi-17 V5 ने गरुण कमांडो के साथ स्लिदरिंग ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।




