होम खास ख़बर खड़गे के ‘आतंकवादी’ बयान पर चुनाव आयोग सख्त, 24 घंटे में मांगा...

खड़गे के ‘आतंकवादी’ बयान पर चुनाव आयोग सख्त, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण

0

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल।चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस टिप्पणी को गंभीरता से लेते हुए खरगे से 24 घंटे के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान से ठीक एक दिन पहले राजनीतिक माहौल पहले से ही गरमाया हुआ है। दरअसल, चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने अन्नाद्रमुक और भाजपा के गठबंधन की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री पर तीखी टिप्पणी की थी।

हालांकि, बयान पर विवाद बढ़ने के बाद खरगे ने सफाई देते हुए कहा कि उनके शब्दों का गलत अर्थ निकाला गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका आशय प्रधानमंत्री को शाब्दिक रूप से “आतंकवादी” कहना नहीं था, बल्कि उनका कहना था कि केंद्र सरकार की नीतियां और कार्यशैली लोकतांत्रिक व्यवस्था को “आतंकित” कर रही हैं। खरगे के अनुसार, प्रधानमंत्री अपने पद और सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर विपक्षी दलों पर दबाव बना रहे हैं।

इधर, भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान को गंभीर मुद्दा बनाते हुए चुनाव आयोग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे, जिन्होंने इस टिप्पणी को बेहद आपत्तिजनक बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के बाद मीडिया से बातचीत में सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ नेता द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। वहीं, केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने इसे “घृणित” करार देते हुए न सिर्फ कार्रवाई बल्कि कांग्रेस और खरगे से सार्वजनिक माफी की मांग भी की।