नई दिल्ली, 23 अप्रैल। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह से मतदान जारी है और दोनों राज्यों में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर 3 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में पहले चरण की वोटिंग में 78.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि तमिलनाडु में एक ही चरण में हो रहे चुनाव के दौरान लगभग 70 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इन चुनावों के साथ-साथ गुजरात और महाराष्ट्र में हो रहे उपचुनावों में भी मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। खासतौर पर पश्चिम बंगाल में मतदान का प्रतिशत अब तक सबसे अधिक दर्ज किया गया है, जो वहां के मतदाताओं के उत्साह को दर्शाता है।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इनमें उत्तर बंगाल के कूच बिहार, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदा जिले शामिल हैं। वहीं दक्षिण बंगाल के मुर्शिदाबाद, पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्दवान और बीरभूमि में भी मतदान हो रहा है। राज्य की शेष 142 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।
दूसरी ओर, गुजरात के उमरेठ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के दौरान 46.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र में भी उपचुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा गया, जहां राहुरी में 39.60 प्रतिशत और बारामती में 40.36 प्रतिशत मतदान हुआ है। बारामती सीट से उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार चुनावी मैदान में हैं।




