कोलकाता, 30 अप्रैल। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के पूर्वानुमानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए ये अनुमान जानबूझकर प्रसारित किए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने दावा किया कि टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे एग्जिट पोल “बीजेपी कार्यालय से तैयार और प्रसारित” किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अनुमानों को प्रसारित कराने के लिए पैसे भी दिए गए हैं और उनके पास इसकी पुख्ता जानकारी है।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में दो-तिहाई से अधिक सीटें हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि टीएमसी 226 सीटों का आंकड़ा पार करेगी और संभवतः 230 सीटों तक पहुंच सकती है।
ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों ने “बीजेपी के एजेंट” की तरह काम किया। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव में केंद्र सरकार की मशीनरी का दुरुपयोग किया गया।
मुख्यमंत्री ने राज्य के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारी गर्मी और दबाव के बावजूद लोगों ने मतदान किया और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने संघर्ष करते हुए चुनाव लड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पैसे, ताकत और हथियारों के जरिए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन जनता ने बैलेट के जरिए जवाब दिया।
ईवीएम को लेकर भी ममता बनर्जी ने आशंका जताई और अपने उम्मीदवारों को मतगणना के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि काउंटिंग के दौरान मशीनों में गड़बड़ी की साजिश हो सकती है, इसलिए उम्मीदवारों को काउंटिंग सेंटर नहीं छोड़ना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर किसी प्रकार का दबाव या बल प्रयोग न किया जाए। साथ ही आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव के दौरान पैसे बांटने की भी कोशिश की, हालांकि उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पैसे लिए हैं, उन्हें वे गलत नहीं मानतीं।
ममता बनर्जी ने अंत में दावा दोहराया कि एग्जिट पोल “पेड और प्रायोजित” होते हैं और वास्तविक नतीजों में टीएमसी को भारी जनादेश मिलेगा।




