होम उत्तर प्रदेश अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली घटना: मां पर चार बच्चों की...

अंबेडकरनगर में दिल दहला देने वाली घटना: मां पर चार बच्चों की हत्या का आरोप

0


अंबेडकरनगर, 02 मई। उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मां पर अपने ही चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि बच्चों की हत्या ईंट से कूचकर की गई।

     घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद मोहल्ले की है। जब पुलिस को सूचना मिली तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर जब पुलिस अंदर पहुंची, तो बिस्तर पर चारों बच्चों के खून से लथपथ शव पड़े मिले। मौके पर बच्चों की मां गायब थी, जिससे संदेह और गहरा गया।

     प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला का पति नियाज पिछले चार वर्षों से सऊदी अरब में रह रहा है और इस दौरान वह घर नहीं आया। जानकारी के मुताबिक, उसने तीन साल पहले वहां दूसरी शादी भी कर ली थी। पिछले साल उसकी पत्नी गाजिया खातून सऊदी गई थी, जिसके बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते महिला ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

     मृत बच्चों की पहचान शफीक (14 वर्ष), सऊद (12 वर्ष), उमर (10 वर्ष) और शादिया (8 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि वारदात के बाद आरोपी महिला बालकनी से कूदकर फरार हो गई।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी समेत कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

    फिलहाल पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।