रायपुर, 02 मई। कांकेर में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में एक इंस्पेक्टर और तीन जवानों के शहीद होने की घटना पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल दे। साथ ही, घटना में घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके समुचित उपचार की मांग की।
श्री बैज ने कहा कि यह घटना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। नक्सलवाद का संकट छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर संभाग के लोगों के लिए लंबे समय से पीड़ा का कारण बना हुआ है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल दावों से स्थिति नहीं सुधरेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।
उन्होंने आशंका जताई कि बस्तर के जंगलों में बड़ी संख्या में आईईडी और प्रेशर बम जैसी घातक सुरंगें छिपी हो सकती हैं, जो सुरक्षा बलों के साथ-साथ आम नागरिकों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के लिए भी गंभीर खतरा हैं। उन्होंने सरकार से इन विस्फोटकों को निष्क्रिय करने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि बस्तर में शांति स्थापित करने और सुरक्षित माहौल बनाने के लिए एक प्रभावी और ठोस कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। साथ ही, क्षेत्र के जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए व्यापक और सार्थक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।




