नई दिल्ली, 05 मई।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि असम और पश्चिम बंगाल में “जनादेश की चोरी” देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की एक सुनियोजित रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर कुछ लोग और अन्य राजनीतिक वर्ग पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की हार पर खुशी जता रहे हैं, लेकिन उन्हें इस स्थिति की गंभीरता को समझना चाहिए।
राहुल गांधी के अनुसार, यह मामला केवल किसी एक पार्टी की जीत या हार का नहीं, बल्कि पूरे देश के लोकतांत्रिक ढांचे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि “छोटी राजनीति से ऊपर उठकर सोचना होगा, क्योंकि यह भारत के भविष्य का सवाल है।”
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज कर पहली बार सरकार बनाने का दावा किया है, वहीं असम में भी पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की है।
इससे पहले ममता बनर्जी ने भी आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने करीब 100 सीटों पर “लूट” की है। राहुल गांधी ने उनके दावों का समर्थन करते हुए यह भी कहा कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है और इसमें चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठते हैं।
इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया है, जहां एक ओर विपक्ष चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहा है, वहीं भाजपा इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है।




