रायपुर, 22 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार-2026 के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड स्थित करहीबाजार में आज आयोजित समाधान शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने ग्राम करहीबाजार में सर्व समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण तथा सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही करहीबाजार और कोदवा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में नए भवन निर्माण की भी घोषणा की गई।
उन्होंने ग्राम विटकुली में 20 लाख रुपये की लागत से मांगलिक भवन निर्माण और ग्राम पंचायत कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन एवं रामपुर में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माँ महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर धात्री माताओं को किट वितरित की तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए हितग्राहीमूलक स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खिलाड़ियों के आग्रह पर फुटबॉल को किक लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। इस मौके पर “हम होंगे कामयाब 2.0” पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक खुमरी पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवजात बच्चों का अन्नप्राशन कराया और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोगों को हेलमेट वितरित किए। प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती राजकुमारी के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने परिवार को शुभकामनाएं दीं और भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत सोखता पिट निर्माण में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहीं जल संचयन दीदी श्रीमती बेबी सेन और श्रीमती अम्बे मानिकपुरी के प्रयासों की सराहना की।
समाधान शिविर में हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से मिले लाभों को साझा किया। श्री नंद कुमार ध्रुव ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान मोटराइज्ड वाहन संबंधी समस्या का त्वरित समाधान हुआ। वहीं श्री दिलीप कुमार वर्मा ने स्वामित्व पट्टा योजना से भूमि मिलने पर शासन का आभार जताया।
प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी श्रीमती अनीता निषाद ने पक्का घर मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें सुरक्षित आवास मिल गया है। वहीं श्रीमती पिंकी बंजारे ने महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है।




