पटना, 05 जून। बिहार सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को प्रदान की गई ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा वापस लेने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पूर्व विधायक तेजप्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी समाप्त कर दी गई है।
हालांकि, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, सांसद मीसा भारती और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह फैसला 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की बैठक की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। विभाग ने बिहार पुलिस मुख्यालय और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा समाप्त कर दी गई है। हालांकि, दोनों के पूर्व मुख्यमंत्री होने के कारण उन्हें बिहार सरकार के विशेष सुरक्षा प्रावधानों के तहत सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
राबड़ी देवी को बिहार विशेष सुरक्षा दल अधिनियम, 2010 के अंतर्गत बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 2-8 हाउस गार्ड टीम, तीन महिला एवं तीन पुरुष अंगरक्षक, बुलेटप्रूफ वाहन तथा एस्कॉर्ट वाहन की सुविधा मिलेगी।वहीं लालू प्रसाद यादव को भी इसी अधिनियम के तहत 2-8 हाउस गार्ड टीम, दो अंगरक्षक, एस्कॉर्ट, पायलट और बुलेटप्रूफ वाहन उपलब्ध कराया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा पूर्ववत जारी रहेगी। उन्हें एक हाउस गार्ड टीम, छह अंगरक्षक और पांच पुलिसकर्मियों वाला एस्कॉर्ट वाहन मिलता रहेगा।पूर्व विधायक तेजप्रताप यादव की ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गई है। अब उन्हें पूर्व विधायक के रूप में केवल एक अंगरक्षक उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके अलावा, सांसद मीसा भारती को पूर्व की तरह तीन अंगरक्षकों की सुरक्षा मिलेगी, जबकि राजश्री यादव को एक महिला अंगरक्षक की सुविधा यथावत जारी रहेगी।




