होम देश-विदेश एलपीजी सिलेंडर फिर महंगा:घरेलू गैस पर 29 रुपये की बढ़ोतरी , तीन...

एलपीजी सिलेंडर फिर महंगा:घरेलू गैस पर 29 रुपये की बढ़ोतरी , तीन महीने में दूसरा झटका

0

नई दिल्ली, 7 जून। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती अस्थिरता और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर मंडरा रहे संकट का असर अब सीधे आम उपभोक्ताओं पर दिखाई देने लगा है। सरकारी ईंधन विपणन कंपनियों ने एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर वृद्धि की है, जिसके बाद 7 जून से घरेलू गैस सिलेंडर महंगे हो गए हैं। पिछले तीन महीनों के भीतर यह दूसरी बार है जब उपभोक्ताओं को रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ रहा है।

    ताजा संशोधन के तहत 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर का दाम 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गया है।

    इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। मार्च और जून की बढ़ोतरी को मिलाकर घरेलू एलपीजी सिलेंडर अब तक कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है। वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ती अनिश्चितता और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों को इस वृद्धि का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

    वहीं, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जनवरी में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,691.50 रुपये थी, लेकिन उसके बाद से कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। मई माह में एकमुश्त 993 रुपये की बड़ी वृद्धि के बाद 7 जून को फिर 42 रुपये का इजाफा किया गया है।

    कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतों का सीधा असर होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत के कारण संचालन खर्च में भारी वृद्धि हुई है, जिससे उनके सामने आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।

   विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं के चलते निकट भविष्य में भी ईंधन कीमतों पर दबाव बने रहने की संभावना है।