रायपुर, 08 जून। आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ और संविधान हत्या दिवस (25 जून) के अवसर पर प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों और लोकतंत्र प्रहरियों का विशाल सम्मेलन 28 जून, रविवार को रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निमंत्रण पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिवारजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संस्थापक इंद्रेश कुमार सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सहयोग से विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर “आपातकाल विस्मृत न हो” तथा “25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता” विषयों पर राज्यव्यापी निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। इन प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार महाविद्यालय स्तर के विजेताओं को भी समान पुरस्कार राशि और शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दोनों श्रेणियों में 10-10 विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उपासने ने बताया कि सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विशेष प्रतीक चिन्ह प्रदान किया जाएगा तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 520 छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने जानकारी दी कि सम्मेलन के दौरान लोकतंत्र प्रहरी द्वारा प्रकाशित स्मारिका “आपातकाल योद्धा” का विमोचन भी अतिथियों के करकमलों से किया जाएगा। इस स्मारिका में आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों के संस्मरण और ऐतिहासिक दस्तावेज शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से सम्मानपूर्वक आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की हाल ही में हुई बैठक में विस्तृत चर्चा की गई है।




