होम उत्तर प्रदेश जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुआ हवाई सफर: लखनऊ से उतरी इंडिगो की...

जेवर एयरपोर्ट से शुरू हुआ हवाई सफर: लखनऊ से उतरी इंडिगो की पहली फ्लाइट

0

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को लखनऊ से इंडिगो की पहली उड़ान के उतरने के साथ ही यात्री उड़ानों का औपचारिक संचालन शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंडिगो का विमान चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से सुबह 7 बजकर 12 मिनट पर रवाना हुआ था और सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर जेवर स्थित हवाई अड्डे पर उतरा।

पहली उड़ान में किसान
मिली जानकारी के मुताबिक, इसके तुरंत बाद इसी हवाई अड्डे से पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस विमान में जेवर क्षेत्र के वे ग्रामीण भी सवार थे, जिनकी जमीन राज्य सरकार ने हवाई अड्डे के पहले चरण के विकास के लिए अधिग्रहित की थी। यह जेवर स्थित इस नई परियोजना पर उड़ान संचालन की औपचारिक शुरुआत का संकेत है। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और देश के अन्य हिस्सों के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।

MLA और यीडा CEO रहे मौजूद
बताया जा रहा है कि पहली उड़ान सुबह करीब 8 बजकर 19 मिनट पर रवाना हुई, जिसमें जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नई हवाई सेवा से व्यापार यात्रियों, छात्रों, पेशेवरों और आम यात्रियों को लाभ होगा और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे को एक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के तौर पर विकसित किया गया है जहां हवाई, सड़क और अन्य परिवहन साधनों से संपर्क की सुविधा है।