होम ब्रेकिंग न्यूज राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय गड़बड़ी पर दिग्विजय सिंह का सवाल,...

राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय गड़बड़ी पर दिग्विजय सिंह का सवाल, बोले- CEC की सदस्यता भी है हैरान करने वाली

0

भोपाल, 18 जून। अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में सामने आ रही खबरों ने दानदाताओं को चिंता में डाल दिया है।

     पत्रकारों से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के लोगों ने श्रद्धा के साथ योगदान दिया था। ऐसे में ट्रस्ट में कथित वित्तीय गड़बड़ियों की खबरें सामने आने से दानदाताओं में आश्चर्य और चिंता का माहौल है।

    उन्होंने कहा, “जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया है, वे इस बात से हैरान हैं कि वहां किस प्रकार की वित्तीय अनियमितताओं की बातें सामने आ रही हैं।”

    कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का ट्रस्ट से जुड़ा होना भी कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का ट्रस्ट का सदस्य होना “अजीब बात” प्रतीत होती है।

    गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय गड़बड़ियों का मुद्दा उस समय चर्चा में आया, जब 7 जून को समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया था कि राम मंदिर को चढ़ावे और चंदे के रूप में प्राप्त करोड़ों रुपये के हिसाब-किताब को लेकर सवाल उठ रहे हैं।