रायपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय परिसर में शनिवार सुबह सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। प्रातः 8 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामान्य योगाभ्यास किया।
योग सत्र का संचालन छत्तीसगढ़ योग आयोग के योग गुरु श्री लच्छू राम निषाद एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की जानकारी दी गई तथा नियमित योग के लाभों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भेजे अपने संदेश में कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति निरोगी, स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
डॉ. सिंह ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन जीवन-पद्धति है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाकर जीवन में नई ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




