होम उत्तर प्रदेश राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता मामला: ट्रस्ट सदस्य की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता मामला: ट्रस्ट सदस्य की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

0

अयोध्या, 25 जून। राम मंदिर में चढ़ावे और दान सामग्री के रखरखाव से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर राम जन्मभूमि कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह मामला श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज किया गया है।

       पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, मनीष यादव, रामशंकर मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, सुभाष और करुणेश समेत कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, दर्ज एफआईआर में किसी बड़े पदाधिकारी या प्रमुख नाम को शामिल नहीं किया गया है।

       सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी ने शिकायत मिलने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच की थी। जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की गई, जिसके बाद राम जन्मभूमि कोतवाली पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की।

       शिकायत में मंदिर में प्राप्त चढ़ावे और दान सामग्री के रखरखाव तथा उससे संबंधित कथित अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। एसआईटी की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाने के बाद मामला औपचारिक रूप से दर्ज किया गया।

       एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस और एसआईटी दोनों स्तरों पर जांच तेज कर दी गई है। जांच एजेंसियां रिकॉर्ड, दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका या संलिप्तता तो नहीं रही।

       राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में चढ़ावे से जुड़े इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद लोगों की नजरें जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।