रायपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक कराने वाले हितग्राहियों को लकी ड्रा के माध्यम से कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने नए लोगो के डिजाइनर अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक भी प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार का अपना पक्का घर होना एक सपना होता है और राज्य सरकार इस सपने को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गृह निर्माण मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए 7,388 संपत्तियों का विक्रय किया और 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए आवास एवं पर्यावरण विभाग, मंडल के अध्यक्ष और पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी थी। वर्तमान में राज्य में 10.5 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं और प्रतिदिन करीब 1,600 नए मकान तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए हैं, जबकि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी अलग आवास योजना संचालित की जा रही है।
सुशासन को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ मोबाइल ऐप के जरिए 450 से अधिक सरकारी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कर समयबद्ध समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में लगभग 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। सरकार सोलर संयंत्र स्थापना पर आकर्षक सब्सिडी दे रही है, जिससे भविष्य में लाभार्थियों को मुफ्त बिजली मिलने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचने का अवसर भी मिलेगा। मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत लंबित बिजली बिलों पर सरचार्ज में छूट देकर लोगों को राहत प्रदान की जा रही है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई पहचान देकर इसकी भूमिका को और व्यापक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अब नई आवासीय परियोजनाएं तभी शुरू की जाएंगी, जब पर्याप्त बुकिंग सुनिश्चित होगी, जिससे वित्तीय जोखिम कम होगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान लकी ड्रा के नौ विजेताओं को सम्मानित किया गया। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई, जबकि अन्य विजेताओं को स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण, मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।




