होम छत्तीसगढ़ कबीर जयंती पर सोनपैरी आश्रम पहुंचे साय,गहलोत एवं डा.रमन सिंह  

कबीर जयंती पर सोनपैरी आश्रम पहुंचे साय,गहलोत एवं डा.रमन सिंह  

0

रायपुर, 29 जून। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को राजधानी रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में कबीर जयंती के अवसर पर आयोजित संत कबीर महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने गुरु असंग देव से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

     कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के साथ आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

     संत कबीर के विचारों पर प्रकाश डालते हुए गुरु असंग देव ने कहा कि उन्होंने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इन्हीं कार्यों से समाज में वास्तविक सुख और शांति स्थापित हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सलवाद का प्रभाव था, वहां अब शांति और विकास का वातावरण बन रहा है।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि जात-पात और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर संत कबीर ने मानवता को प्रेम और विवेक का मार्ग दिखाया। राज्यपाल ने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

     मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि है और उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है, जिससे संत कबीर की शिक्षाओं का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर ने जीवनभर छुआछूत, जात-पात और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई तथा प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश दिया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास बनकर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है तथा पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

    मुख्यमंत्री ने बताया कि आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जहां निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी सहित योजना के लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकें।

    कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने संत कबीर के समाज सुधार के संदेश को अपनाने का आह्वान किया, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, सेवा और सदाचार का मार्ग दिखाया, जिसे अपनाकर समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है।

    इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, अखिलेश सोनी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं कबीरपंथी अनुयायी उपस्थित रहे।