होम उत्तर प्रदेश यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का बड़ा आरोप, बोले- ‘राम मंदिर जाने...

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का बड़ा आरोप, बोले- ‘राम मंदिर जाने से पहले किया नजरबंद, दर्शन तक नहीं छोड़ूंगा शहर’

0

अयोध्या, 30 जून। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को अयोध्या पहुंचने के बाद खुद को नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर में दर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, तब तक वह अयोध्या नहीं छोड़ेंगे।

     अजय राय के अनुसार, वह मंगलवार को प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे थे। उनका आरोप है कि देर रात पुलिस उन्हें उनके होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अतिथि गृह ले गई, जहां उन्हें नजरबंद कर रखा गया है।

     उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि यह औपचारिक गिरफ्तारी है या नजरबंदी, लेकिन यदि ऐसा नहीं होता तो आधी रात को उन्हें होटल से हटाकर अतिथि गृह में क्यों रखा जाता। अजय राय ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन-सी वजह है कि उन्हें राम मंदिर जाकर दर्शन करने से रोका जा रहा है।

     कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से अयोध्या आ रहे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी रास्ते में रोका गया। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ को उनके घरों से बाहर तक नहीं निकलने दिया गया।

     इस बीच अजय राय की पत्नी ने भी उनके ठिकाने को लेकर चिंता व्यक्त की। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि अजय राय को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या केवल एहतियातन नजरबंद किया गया है।

    बताया गया है कि कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमन सिंह, बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया सहित कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी शामिल थे।