होम उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर में आकाशीय बिजली का कहर: दो अलग-अलग घटनाओं में दो बुजुर्गों...

सुल्तानपुर में आकाशीय बिजली का कहर: दो अलग-अलग घटनाओं में दो बुजुर्गों की मौत

0

सुल्तानपुर 01 जुलाई। बुधवार को जिले में हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कहर बरपा दिया। हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए।

     पहली घटना बंधुआ कला थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव की है। यहां धान की रोपाई कर रहे मजदूर बारिश शुरू होने पर आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पियारी (65) की मौके पर मौत हो गई, जबकि जयसिंह, चांदनी, मुस्कान, जाह्नवी, छत्रपाल, आदित्य, उदयराज और प्रानदेई झुलसकर घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चार की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। तहसीलदार सदर ने मौके का निरीक्षण किया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन ने मृतका के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

    वहीं दूसरी घटना मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ककवादपुर गांव में हुई। यहां भैंस चराने गए जगन्नाथ पाल (65) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

   लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की है।