होम उत्तर प्रदेश राम मंदिर दान गबन मामला ‘कलंक’, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: नृपेंद्र...

राम मंदिर दान गबन मामला ‘कलंक’, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: नृपेंद्र मिश्रा

0

अयोध्या, 11 जुलाई। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन के मामले को बेहद गंभीर बताते हुए इसे मंदिर की प्रतिष्ठा पर “कलंक” करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से सभी जुड़े लोग शर्मिंदा और आहत हैं तथा भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।

     शनिवार को अयोध्या में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मिश्रा ने कहा कि दान राशि में कथित वित्तीय अनियमितता का मामला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सभी लोग क्षमाप्रार्थी हैं और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

     मिश्रा ने बताया कि यह मामला मंदिर प्रबंधन से जुड़ा है और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा नहीं होंगी।

     राम मंदिर ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के संबंध में उन्होंने कहा कि इसके लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। यही समिति सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद अंतिम निर्णय लेगी।

     उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि पुराने मंदिर को स्मारक के रूप में विकसित करने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। केवल अखंड ज्योति की व्यवस्था शेष है, जो 24 घंटे निरंतर प्रज्वलित रहेगी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का अंतिम चरण 30 जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है।

      मिश्रा के अनुसार, मंदिर परिसर की लगभग चार किलोमीटर लंबी चहारदीवारी और परिसर के बाहर बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य नवंबर-दिसंबर तक पूरा किया जा सकता है।

      राम कथा संग्रहालय की प्रगति पर उन्होंने बताया कि संग्रहालय की 20 गैलरियों की स्टोरीलाइन तैयार हो चुकी है। अब डिजिटल इंस्टॉलेशन, तकनीकी प्रस्तुति और वीडियो सामग्री को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक एवं यादगार अनुभव मिल सके।

      गौरतलब है कि नृपेंद्र मिश्रा शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे थे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की और मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन भी समिति की बैठक में उपस्थित रहे।