रायपुर, 14 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज का जन्मदिन सोमवार को पूरे उत्साह, सादगी और सामाजिक सरोकार के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर से कांग्रेस पदाधिकारी, विधायक, कार्यकर्ता और समर्थक राजीव भवन पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन की शुरुआत दीपक बैज ने अपनी पत्नी के साथ देवेन्द्र नगर स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी के भगवान भोलेनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन से की। इसके बाद उन्होंने वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में पूजा-अर्चना की। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद वे नकटी गांव पहुंचे, जहां हाल ही में प्रभावित हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके दुख-दर्द में सहभागी बने।
दोपहर 12 बजे से देर शाम तक दीपक बैज रायपुर स्थित राजीव भवन में मौजूद रहे, जहां उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर शुभकामनाएं स्वीकार कीं।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, सांसद फूलोदेवी नेताम, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा सहित अनेक विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं ने राजीव भवन पहुंचकर दीपक बैज को जन्मदिन की बधाई दी।
जन्मदिन समारोह की व्यवस्थाएं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू के नेतृत्व में की गईं। आयोजन के दौरान सादगी का विशेष ध्यान रखा गया। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से पूरी तरह परहेज किया गया तथा कार्यक्रम को गरिमामय और संयमित रूप में आयोजित किया गया।
वहीं, युवा कांग्रेस ने जन्मदिन को सेवा के संकल्प से जोड़ते हुए प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।




