होम छत्तीसगढ़ खाद संकट पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दीपक बैज बोले- किसान...

खाद संकट पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दीपक बैज बोले- किसान हो रहे परेशान

0

रायपुर, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में खाद की कमी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डीएपी और यूरिया की कमी से खरीफ सीजन की बोनी प्रभावित हो रही है, जबकि सरकार पर्याप्त उपलब्धता के दावे कर रही है।

बैज ने कहा कि सरकार ने 15.55 लाख मीट्रिक टन खाद वितरण का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब तक केवल 7.27 लाख मीट्रिक टन खाद ही वितरित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएपी और यूरिया की आपूर्ति किसानों की जरूरत के मुकाबले काफी कम है।

उन्होंने कहा कि पहले अप्रैल से खाद वितरण शुरू होकर मानसून से पहले किसानों तक पहुंच जाता था, लेकिन इस बार जुलाई के मध्य तक भी पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो सकी। साथ ही उन्होंने सहकारी समितियों में खाद-बीज की सीमा घटाने, खुले बाजार में डीएपी और यूरिया की कालाबाजारी तथा नकली व अमानक खाद की बिक्री का आरोप लगाते हुए सरकार से किसानों को जल्द पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।