नई दिल्ली, 16 जुलाई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आगामी मानसून सत्र में प्रस्तावित परिसीमन संबंधी संशोधित विधेयकों को संसद में पेश करने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण विषय पर सभी राजनीतिक दलों के साथ व्यापक चर्चा आवश्यक है, ताकि प्रस्तावों पर सहमति बनाने का प्रयास किया जा सके।
खड़गे ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान भी संसदीय कार्य मंत्री को कई बार पत्र लिखकर सरकार के परिसीमन प्रस्तावों पर सर्वदलीय बैठक आयोजित करने का आग्रह किया था, लेकिन उनके अनुरोधों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में यह विधेयक संवैधानिक रूप से आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका। उनके अनुसार, यदि पहले सभी दलों के साथ संवाद होता, तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार केंद्र सरकार मानसून सत्र में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक का संशोधित संस्करण दोबारा पेश करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि संसद में विधेयक लाने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और सभी राजनीतिक दलों को संशोधित प्रस्तावों का विस्तार से अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।
खड़गे ने अपने पत्र में कहा कि परिसीमन जैसे संवेदनशील और दूरगामी प्रभाव वाले विषय पर व्यापक राजनीतिक सहमति लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए आवश्यक है।




