होम छत्तीसगढ़ रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से सनसनी

रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से सनसनी

0

रायपुर, 18 जुलाई। राजधानी रायपुर के संजय नगर स्थित मदनी चौक में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार देर रात पुलिस ने किराए के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो परिवार के मुखिया का शव फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और तीन बच्चों के शव कमरे में बिछे बिस्तर पर पड़े थे।

      मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सैय्यद साजिद अली, उनकी पत्नी राबिया बानो, बेटे सैय्यद इरशाद अली (20 वर्ष), बेटी शाहिदा (15 वर्ष) और इरशाबा परवीन (12 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पत्नी और तीनों बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे किसी जहरीले पदार्थ के सेवन या दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

      पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि परिवार के मुखिया ने पहले पत्नी और बच्चों को जहरीला पदार्थ दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

      जानकारी के मुताबिक, यह परिवार पिछले करीब डेढ़ साल से मदनी चौक स्थित किराए के मकान में रह रहा था। शुक्रवार को पूरे दिन घर में कोई हलचल नहीं होने और दरवाजा अंदर से बंद रहने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पांचों के शव मिले।

      प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। कर्ज और घरेलू तनाव जैसी बातें भी सामने आई हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक इन कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र की एक दुकान में बैटरी रिपेयर का काम करते थे। पड़ोसियों के अनुसार, परिवार शांत स्वभाव का था और आसपास के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखता था।

     घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एफएसएल की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

     पश्चिम जोन के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) राहुल देव शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर एक शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि चार शव कमरे में जमीन पर पड़े थे। चारों के मुंह से झाग निकल रहा था। फिलहाल मामले में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।