रायपुर 21 जुलाई।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों से सौजन्य भेंट कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने युवाओं से प्रशासनिक सेवा को जनसेवा का माध्यम मानते हुए ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाएं समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं और इन सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे आमजन की अपेक्षाओं पर खरे उतरें।
श्री साय ने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि उन्हें लोगों की सेवा करने का जो अवसर मिला है, वह समाज के विश्वास और ईश्वर के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने पद का उपयोग आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और प्रदेश के समग्र विकास को गति देने के लिए करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर राज्य को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने में अहम योगदान देंगे।
इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों में सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।




