छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना की काउंसलिंग निरस्त कर दी गई है। संबंधित विभाग इस संबंध में दोबारा नोटिफिकेशन जारी करेगा। काउंसलिंग के लिये चयनित छात्रों और पालकों से विभाग की ओर से इस मामले में अपील भी की गई है।
छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना की काउंसलिंग निरस्त कर दी गई है। इस योजना के जरिये शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग की जानी थी। पूर्व में रायपुर जिला स्तर पर 14 जुलाई को काउंसलिंग होनी थी।
इस संबंध में विभाग ने काउंसलिंग के लिये चयनित छात्रों और पालकों से निवेदन किया है कि शासन से जरूरी दिशा-निर्देश मिलने के बाद दोबारा काउंसलिंग की जानकारी दी जाएगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना का परिवर्तित रूप है।
सहायक शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में सहायक शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय की मांग पर सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत भी हो गई है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई 2026 से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार 21 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किए जाएंगे। परीक्षा शुल्क का भुगतान भी डिजिटल तरीके से करना होगा।
भर्ती परीक्षा का आयोजन 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा के लिए प्रदेश के 16 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके। राज्य सरकार की व्यवस्था के अनुसार, छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी जो परीक्षा में शामिल होंगे, उन्हें जमा किया गया परीक्षा शुल्क वापस कर दिया जाएगा। यह राशि उसी बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे आवेदन के समय शुल्क जमा किया गया होगा।




