होम छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना का भुगतान लंबित, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई : कांग्रेस ने लगाए...

आयुष्मान योजना का भुगतान लंबित, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई : कांग्रेस ने लगाए आरोप

0

रायपुर, 25 जुलाई। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के कारण छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है।अब धन के अभाव में मरीजों के इलाज पर भी संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने सरकार से आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों का लंबित भुगतान तत्काल जारी कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है।

     श्री शुक्ला ने आज यहां जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं। उनके अनुसार आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का निःशुल्क उपचार करने वाले अस्पतालों का लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण कई निजी अस्पताल मरीजों का इलाज करने से इनकार कर रहे हैं। कुछ अस्पताल मरीजों से आंशिक नकद भुगतान की शर्त पर ही इलाज कर रहे हैं, जबकि छोटे और मध्यम स्तर के कई अस्पताल आर्थिक संकट के कारण बंद होने की स्थिति में पहुंच गए हैं।

     उन्होंने आरोप लगाया कि केवल निजी ही नहीं, बल्कि सरकारी अस्पतालों को भी विभिन्न स्वास्थ्य सहायता योजनाओं का भुगतान समय पर नहीं मिला है, जिससे चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुई हैं। कांग्रेस का कहना है कि सरकार का पूरा ध्यान जनहित के बजाय भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर केंद्रित है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

     कांग्रेस नेता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2018 के बाद राज्य में स्वास्थ्य अधोसंरचना को उल्लेखनीय रूप से मजबूत किया गया था। जिला अस्पतालों को मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया गया, ब्लॉक स्तर पर भर्ती की सुविधाएं बढ़ाई गईं तथा अधिकांश जिला अस्पतालों में डायलिसिस और क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू की गई थीं।

      श्री शुक्ला ने दावा किया कि सरकार बदलने के बाद पिछले 11 महीनों में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ी है और मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाने से गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने और चिकित्सा व्यवस्था को पटरी पर लाने की मांग की।