होम खास ख़बर मौसम विभाग ने 12 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की...

मौसम विभाग ने 12 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की दी चेतावनी

0

नई दिल्ली, 26 जुलाई। देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते भारत मौसम विभाग (IMD) ने 26 जुलाई के लिए व्यापक मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और गुजरात सहित 12 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

         मौसम विभाग ने किसानों, पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों तथा नदी और समुद्र के किनारे रहने वाले नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के इलाकों में सक्रिय हो गया है। इसी प्रणाली के प्रभाव से उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए अलर्ट

         उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत अनेक जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार में तेज हवाओं और वज्रपात का खतरा

         बिहार के पटना, गया, सारण, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। पटना का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दिल्ली और हरियाणा में भी बारिश के आसार

        राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देर शाम तक तेज बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

       वहीं हरियाणा के पानीपत, सोनीपत, भिवानी, फरीदाबाद, पलवल और रेवाड़ी में 26 से 28 जुलाई के बीच बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तराखंड और हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह

         उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार और ऋषिकेश में 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

         हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा, सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, मंडी और सोलन में भी 26-27 जुलाई के दौरान बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। मनाली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी असर

          जम्मू-कश्मीर के कठुआ, जम्मू, रियासी, रामबन, राजौरी, कुलगाम, पुंछ, कुपवाड़ा, बारामूला और पुलवामा में भारी बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

          झारखंड के रांची, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, रामगढ़, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और सरायकेला में भारी बारिश के साथ 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

         पश्चिम बंगाल के कोलकाता, कालिम्पोंग, कूचबिहार, बीरभूम, हुगली, मुर्शिदाबाद, पुरुलिया, नादिया और दक्षिण 24 परगना में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। कोलकाता का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट

         राजस्थान के बारां, कोटा, बूंदी, सिरोही, भीलवाड़ा, सीकर, उदयपुर, भरतपुर, अजमेर, जयपुर, जोधपुर, राजसमंद और टोंक में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

         मध्य प्रदेश के खंडवा, देवास, छिंदवाड़ा, बेतुल, होशंगाबाद, विदिशा, बालाघाट, रीवा, सिंगरौली और उज्जैन में 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। भोपाल का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

        मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।