होम छत्तीसगढ़ ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026’ शुरू: सैनिकों के लिए राखी भेजने की अपील

‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026’ शुरू: सैनिकों के लिए राखी भेजने की अपील

0

रायपुर, 26 जुलाई। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026′ का शुभारंभ किया गया है।

      महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बच्चों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए इसे सैनिकों के सम्मान का जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए दिन-रात सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के साहस, समर्पण और त्याग के प्रति सम्मान प्रकट करना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक भी है। इस अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माताओं, बहनों और बच्चों का स्नेह और शुभकामनाएं सीधे देश के सैनिकों तक पहुंचेंगी।

     उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने हाथों से सुंदर राखी तैयार करने, सैनिकों के नाम शुभकामना संदेश लिखने और विजय तिलक के लिए अपने आंगन की एक चुटकी पावन मिट्टी लिफाफे में रखकर भेजने की अपील की। मंत्री ने कहा कि यह मिट्टी मातृभूमि के आशीर्वाद और छत्तीसगढ़ की आत्मीय भावनाओं का प्रतीक होगी।

      मंत्री ने बताया कि हस्तनिर्मित राखी, शुभकामना संदेश और पावन मिट्टी का लिफाफा 30 जुलाई तक अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र या महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराया जा सकता है। अभियान के तहत एकत्रित सभी रक्षा-सूत्र पूर्व सैनिक महासभा के माध्यम से नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय भेजे जाएंगे, जहां से इन्हें देशभर के विभिन्न सीमावर्ती क्षेत्रों और मोर्चों पर तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा।

      श्रीमती राजवाड़े ने प्रदेशवासियों से इस अभियान को जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण बनाने की अपील करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिक भाइयों तक यह संदेश पहुंचाए कि पूरा प्रदेश उनके सम्मान, सुरक्षा और गौरव के साथ मजबूती से खड़ा है।