रायपुर, 29 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित रहते हैं और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है।
राजधानी में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कल सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी त्याग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उपनिरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति तथा राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है और क्षेत्र अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद पर मिली सफलता पुलिस बल के साहस, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। समारोह में सामुदायिक पुलिसिंग, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, अनुसंधान, ई-मालखाना प्रबंधन और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।




