दंतेवाड़ा 29 जुलाई।मानसून की लगातार हो रही भारी बारिश से छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा (दक्षिण बस्तर)जिले का जन -जीवन भी काफी प्रभावित हुआ है।
जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा और आसपास के इलाकों में कल शाम से हो रही बारिश आज 29 जुलाई की शाम में भी जारी है। शहर के नज़दीक बहने वाली शंखिनी और डंकिनी नदियाँ शाम को लबालब नज़र आ रही थीं।जिले के अन्य बरसाती नदी नालों में भी जल स्तर काफी बढ़ गया है शहर की सड़कें लगभग वीरान नज़र आ रही हैं, लेकिन कुछ कामकाजी लोग छतरी ओढ़कर और रेनकोट पहनकर पैदल और कुछ बाइक में भी रेनकोट पहनकर आते -जाते दिखाई दिए।
भारी वर्षा के कारण स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम थी. सरकारी दफ्तर आम दिनों की तरह खुले हुए थे और उनमें शासकीय काम काज सामान्य रूप से चल रहा था लेकिन बाज़ार और दुकानों में ग्राहक काफी कम नज़र आए।बारिश के चलते कारोबार अन्य दिनों की तुलना में आज काफी कमजोर रहा, इससे कारोबारी निराश नज़र आए। कुछ लोग छोटे होटलों में चाय भजिए का स्वाद लेते हुए और कुछ लोग अन्य दुकानों की छतों के नीचे खड़े होकर बारिश के थमने का इंतज़ार कर रहे थे।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र प्रशासन ने सभी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.प्रशासनिक अमले को भी सचेत कर दिया गया है.वैसे जिला मुख्यालय में आज रात 7.45बजे की स्थिति में बादलों का बरसना काफी कम हो गया था।




