नई दिल्ली/रायपुर, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से केंद्रीय पूल के लिए चावल के शीघ्र उठाव और पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य से 5 लाख मीट्रिक टन चावल का जल्द उठाव कराया जाए और हर महीने कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराए जाएं, ताकि चावल के परिवहन में तेजी लाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल में 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि समय पर चावल का उठाव होने से गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया भी बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे।




