होम छत्तीसगढ़ भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ का स्थापना दिवस आज, अगस्तभर चलेंगे पेंशनर्स हित...

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ का स्थापना दिवस आज, अगस्तभर चलेंगे पेंशनर्स हित और जनकल्याण के कार्यक्रम

0

रायपुर, 3 अगस्त। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर पूरे अगस्त माह में प्रदेशभर में पेंशनर्स हित और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह निर्णय महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के मार्गदर्शन में लिया गया है। उन्होंने सभी पेंशनरों और महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।

       महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने बताया कि 3 अगस्त 20 को स्थापित संगठन ने छह वर्षों की यात्रा पूरी कर सातवें वर्ष में प्रवेश किया है। इस अवधि में महासंघ ने पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक जीवन और शासन-प्रशासन के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

       स्थापना दिवस और अगस्त माह के कार्यक्रमों का संचालन संभागीय अध्यक्षों शैलेन्द्र सिन्हा (रायपुर), राजेश कश्यप (बिलासपुर), गुरुचरण सिंह (अंबिकापुर), आर.एन. ताटी (जगदलपुर) तथा बी.एल. गजपाल (दुर्ग) के संयोजन में किया जाएगा। वहीं विभिन्न जिलों में जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में पेंशनर्स सम्मेलन, सम्मान समारोह, सदस्यता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, विचार गोष्ठियां, जनजागरण अभियान, प्रशासन को ज्ञापन सौंपने सहित अनेक सामाजिक और जनहितैषी कार्यक्रम आयोजित होंगे।

        प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि महासंघ का मूल उद्देश्य पेंशनरों को संगठित कर उनके अधिकारों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान कराना तथा वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक जीवन दिलाना है। उन्होंने कहा कि महासंघ का स्पष्ट सिद्धांत है—”पेंशन बख्शीश नहीं, हमारा अधिकार है।”

     उन्होंने बताया कि महासंघ के प्रयासों से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का सेंट्रल पेंशन प्रोसेसिंग सेल (सीपीपीसी) रायपुर में स्थापित हुआ, संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि का पृथक संचालनालय शुरू किया गया तथा 80 वर्ष की आयु पूर्ण होने वाले माह से अतिरिक्त 20 प्रतिशत पेंशन का लाभ सुनिश्चित कराया गया। इसके अलावा मध्यप्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49 के तहत महंगाई राहत स्वीकृति के लिए दोनों राज्यों की आपसी सहमति की अनिवार्यता समाप्त कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली।

     महासंघ ने आगामी प्राथमिकताओं में 88 माह के लंबित महंगाई राहत (डीआर) एरियर का भुगतान, केंद्र सरकार के समान समय पर डीआर स्वीकृति, कैशलेस चिकित्सा योजना, ई-पेंशन कार्ड, पेंशन कल्याण निधि में वृद्धि, 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों और उनके एक सहायक के लिए निःशुल्क बस यात्रा, दैनिक वेतनभोगी सेवाकाल को पेंशन योग्य सेवा में शामिल करना तथा सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ और सभी सेवानिवृत्ति देयों का भुगतान सुनिश्चित कराने को प्रमुख लक्ष्य बताया है।

     प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने सभी संभागीय और जिला पदाधिकारियों से स्थापना दिवस को सेवा, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व के पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने सदस्यता अभियान को तेज करने तथा शासन-प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद के माध्यम से पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। महासंघ ने प्रदेश के सभी पेंशनरों से स्थापना दिवस कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की भी अपील की है।