होम ब्रेकिंग न्यूज खड़गे का RSS पर तीखा हमला, बोले- पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन...

खड़गे का RSS पर तीखा हमला, बोले- पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्र देशद्रोही नहीं

0

नई दिल्ली, 03 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को गलत तरीके से “एंटी नेशनल” बताया जा रहा है।

     श्री खड़गे ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार के खिलाफ लोगों को इकट्ठा कर प्रदर्शन कराए गए और सरकार को गिराने की कोशिश की गई थी, तब उन आंदोलनों को देशविरोधी नहीं माना गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अब पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने वाले छात्रों को देशद्रोही क्यों कहा जा रहा है।

     उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल छात्र देश के विभिन्न गांवों से आए थे और उनका उद्देश्य केवल पेपर लीक के खिलाफ विरोध दर्ज कराना था। उनका किसी अन्य मुद्दे से कोई संबंध नहीं था। खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार के पास कई जांच एजेंसियां होने के बावजूद वह मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

     कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छात्रों को देशद्रोही बताना गलत है। उन्होंने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि संगठन हमेशा राजनीति करता है और दूसरों पर आरोप लगाने की बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। खड़गे ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों को देशद्रोही कहना उचित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और अधिकारों को कमजोर करने वाले ही लोकतंत्र के लिए खतरा हैं।

      श्री खड़गे ने कहा कि भगवान राम सभी को सद्बुद्धि दें, ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया जा सके।