होम छत्तीसगढ़ दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0

रायपुर, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसी भी संवेदनशील और विकसित समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

     राजधानी के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के अंतर्गत दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि वे सम्मानपूर्वक समाज के विकास में अपनी भूमिका निभा सकें।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगजनों के प्रति देश की सोच बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्हें ‘दिव्यांग’ संबोधित कर सम्मान और आत्मगौरव का नया भाव दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

     इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों के साथ-साथ सामाजिक और जनहित के आयोजनों के लिए भी महत्वपूर्ण है।

       कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक सहित विभिन्न आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद करते हुए कहा कि ये उपकरण केवल सहायता सामग्री नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई शुरुआत हैं। इनके माध्यम से दिव्यांगजन शिक्षा, रोजगार, आवागमन और दैनिक जीवन के कार्यों में अधिक सक्षम बन सकेंगे।

      मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत में सावन माह के प्रथम सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सेवा, करुणा और मानवता का संदेश देती है तथा जरूरतमंदों की सहायता करना हम सभी का दायित्व है।

       उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में विशेष अभियान के तहत दिव्यांगजनों की व्यापक स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई। इस पहल के लिए भारत सरकार से 3 करोड़ 58 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य लगातार जारी है।

       मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत पहले ही 500 से 600 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जा चुके हैं, जबकि सोमवार को 1000 से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न उपकरण प्रदान किए गए। इस तरह प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के माध्यम से कुल 1739 दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल उपकरण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को सम्मानजनक, स्वतंत्र और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।