होम उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ में बारिश के बीच 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही...

प्रतापगढ़ में बारिश के बीच 100 साल पुराना मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

0
(प्रतीकात्मक फोटो)

प्रतापगढ़, 06 अगस्त। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 वर्ष पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

     पुलिस के अनुसार, घटना देर रात करीब दो बजे हुई। लगातार बारिश के कारण मकान की छत अचानक ढह गई। उस समय एसी चलने की वजह से परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, जिससे सभी मलबे के नीचे दब गए।

     सूचना मिलते ही सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।

     सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी पीड़ितों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

      मृतकों की पहचान 60 वर्षीय प्रमोद श्रीवास्तव, उनकी 55 वर्षीय पत्नी रीता श्रीवास्तव, 25 वर्षीय बेटे नितिन श्रीवास्तव, 23 वर्षीय बहू माधुरी श्रीवास्तव तथा एक वर्षीय पोते माधव और 10 माह के पोते अद्विक के रूप में हुई है। हादसे में घायल अमन श्रीवास्तव का अस्पताल में उपचार जारी है।