शुक्रवार को थाईलैंड के स्कूल में छात्र द्वारा की गई फायरिंग में एक शिक्षक समेत 4 चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।
रॉयटर्स के अनुसार, शिक्षा मंत्री प्रसर्ट जंतारारुआंगटोंग ने बताया कि शुक्रवार को थाईलैंड के स्कूल में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें शिक्षक और छात्र शामिल थे।
मंत्री ने यह साफ नहीं किया कि मरने वाले चार लोगों में वह बंदूकधारी भी शामिल था या नहीं, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि उसने खुदकुशी कर ली थी।
कहां हुई यह घटना?
थाईलैंड के प्रमुख बचाव समूह पोह टेक तुंग फाउंडेशन की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है और 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद गंभीर है। फाउंडेशन ने अपने एक बयान में कहा कि अधिकारी तत्काल प्रभाव से छात्रों को स्कूल परिसर से सुरक्षित बाहर निकाल रहे हैं।
यह गोलीबारी बैंकॉक के उत्तर में स्थित नोंथबुरी प्रांत के बैंग क्रुई जिले में एक व्यस्त राजमार्ग पर मौजूद देबसिरिन नोंथबुरी स्कूल में हुई। यह एक प्रसिद्ध माध्यमिक विद्यालय है, जहां लगभग 3,000 छात्र पढ़ते हैं।
हमलावर छात्र ने की आत्महत्या
नोंथबुरी प्रांतीय पुलिस कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल देचरापी कोंगडी ने बताया कि संदिग्ध हमलावर ने खुद की भी जान ले ली है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने हमलावर की पहचान एक छात्र के रूप में की है।
दक्षिण पूर्व एशिया के अन्य देशों की तुलना में थाईलैंड में बंदूक रखने का चलन काफी अधिक है। स्विट्जरलैंड स्थित स्मॉल आर्म्स सर्वे के 2017 के आंकड़ों के अनुसार, थाईलैंड में नागरिकों के पास 1.03 करोड़ से अधिक आग्नेयास्त्र थे। इसका मतलब है कि वहां हर 100 लोगों पर लगभग 15 बंदूकें हैं।
वाशिंगटन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन के 2019 के ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज डेटाबेस के अनुसार, थाईलैंड दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में फिलीपींस के बाद बंदूक से होने वाली हत्याओं के मामले में दूसरे स्थान पर है।




