होम देश-विदेश कोलंबिया में भूकंप के बाद आए 21 आफ्टरशॉक, 2000 से ज्यादा लोग...

कोलंबिया में भूकंप के बाद आए 21 आफ्टरशॉक, 2000 से ज्यादा लोग लापता

0

कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के भीषण भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। कोलंबियन एसोसिएशन ऑफ कैपिटल सिटीज के अनुसार, इस आपदा में कम से कम 132 लोगों की मौत हो चुकी है और 570 से ज्यादा लोग घायल हैं।

भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित परेरा शहर हुआ, जहां 60 लोगों की जान चली गई। भूकंप का केंद्र कोलंबिया के चोको क्षेत्र में सैन होस डेल पालमार के पास, जमीन से 170 किलोमीटर गहराई में था। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि राजधानी बोगोटा समेत देश के कई हिस्सों के इमारतें कांप उठी और लोगों को तुरंत सड़कों पर भागना पड़ा।

2 हजार से ज्यादा लोग लापता

भूकंप के तुरंत बाद एक ओर जहां आपदा प्रबंधन दल राहत कार्यों में जुटे, तो वहीं दूसरी ओर डिजिटल डेटाबेस पर लापता लोगों की दर्ज कराई जा रही जानकारी ने स्थिति की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। अब तक 2 हजार से ज्यादा लोगों के लापता होने की सूची तैयार हो चुकी है, जिनमें से अधिकतर मामले कैली और परेरा शहरों से हैं।

इमारतों को भारी नुकसान

राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला के अनुसार, 1,577 से अधिक रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि 37 इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो गईं। इसके अलावा 60 से अधिक अन्य इमारते, 18 स्वास्थ्य केंद्र और 52 स्कूल भी प्रभावित हुए हैं।

कैली शहर का यूनिवर्सिटी अस्पताल भूकंप के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा ढह गया है, जिसमें बच्चों का विभाग, इंटरनल मेडिसिन और नवजात शिशु इकाई शामिल हैं।

मलबे में कई मरीजों के फंसे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए सेना और अग्निशमन दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। सुरक्षा कारणों से कैली के कई अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी खाली करा लिया गया है।

हवाई सेवाएं ठप और लगातार आफ्टरशॉक्स

बुनियादी ढांचे की जांच और सुरक्षा कारणों से पश्चिमी कोलंबिया के हवाई यात्रा नेटवर्क को रोक दिया गया है। परेरा, मनिजालेस, आर्मेनिया, कार्टागो और बुएनावेन्टुरा जैसे प्रमुख हवाई अड्डों से केवल आपातकालीन, चिकित्सा और सरकारी उड़ानों को ही संचालन की अनुमति दी जा रही है।

कोलंबियाई जियोलॉजिकल सर्विस ने सोमवार देर रात तक 21 आफ्टरशॉक्स दर्ज किए हैं और आगे भी झटके आने की चेतावनी दी है। बता दें कि कोलंबिया पैसिफिक रिंग ऑफ फायर में स्थित होने के कारण भूकंप के प्रति अत्यधिक संवेदनशील है। इससे पहले 1999 में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप में 1 हजार से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी।

अमेरिका ने 1.55 करोड़ डॉलर की मदद की घोषणा की

कोलंबिया में संकट की इस घड़ी में अमेरिकी विदेश विभाग ने सहायता का हाथ बढ़ाते हुए भोजन, आश्रय और क्षति के आकलन के लिए 1.55 करोड़ डॉलर (15.5 मिलियन डॉलर) की मदद देने की घोषणा की है। फिलहाल प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव अभियान तेजी से जारी है।