होम छत्तीसगढ़ कबीरधाम में 12.50 लाख की जाली करेंसी बरामद, तीन गिरफ्तार

कबीरधाम में 12.50 लाख की जाली करेंसी बरामद, तीन गिरफ्तार

0

कबीरधाम, 11 अगस्त। कबीरधाम जिले में नकली नोट तैयार कर उन्हें असली बताकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बोडला थाना क्षेत्र की चौकी पोंडी पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

    पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और प्रकरण में जब्त सामग्री को मिलाकर कुल 12.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। इसके अलावा नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल किया जा रहा कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और टाटा पंच ईवी कार भी जब्त की गई है।

    पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ। दिनेश ने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3.75 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने पैसे लौटाने का भरोसा दिलाया और 9 अगस्त की रात ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्ठी के पास दिनेश को रकम लेने के लिए बुलाया।

      दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले बैग में रकम सौंपी। नोटों को देखने के बाद दिनेश को उनकी असलियत पर संदेह हुआ। बैग खोलकर जांच करने पर उसमें 500 रुपये के नोटों के रूप में 4.50 लाख रुपये की नकली करेंसी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

      शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें बाजार में चलाने की बात स्वीकार की।

       सतीश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी जुलाई 2026 से मिलकर नकली नोट तैयार करने का काम कर रहे थे।

किराए के कमरे में तैयार होती थी जाली करेंसी

       पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नए बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था। इसी कमरे में कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था, जिसके बाद जाली नोट छापने का सिलसिला शुरू किया गया।

      आरोपियों की योजना तैयार किए गए नकली नोटों को असली रकम के तौर पर बाजार में चलाने की थी। इसी योजना के तहत उधारी की रकम लौटाने के नाम पर शिकायतकर्ता दिनेश कुमार यादव को भी नकली नोट थमा दिए गए।

     पुलिस ने मामले में नकली करेंसी के साथ प्रिंटर, मोबाइल फोन, कार सहित अन्य सामग्री जब्त कर ली है। आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नकली नोटों को बाजार में खपाने के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।