होम ब्रेकिंग न्यूज अडानी मामले में अमेरिकी अदालत के फैसले पर राहुल गांधी का मोदी...

अडानी मामले में अमेरिकी अदालत के फैसले पर राहुल गांधी का मोदी पर हमला, बोले- भारत को चुकानी पड़ रही भारी कीमत

0

नई दिल्ली, 12 अगस्त। अमेरिका में उद्योगपति गौतम अडानी और अडानी समूह से जुड़े अन्य अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अडानी मामले में जो कुछ सामने दिखाई दे रहा है, वास्तविकता उससे कहीं अधिक गंभीर है और इसका खामियाजा भारत को भुगतना पड़ रहा है।

      राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इस मामले में जितना दिखाई दे रहा है, मामला उससे कहीं अधिक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक कमजोर प्रधानमंत्री भारत के हितों को बेचने के लिए मजबूर हैं और इसकी भारी कीमत देश को चुकानी पड़ रही है।

      दरअसल, अमेरिका की न्यूयॉर्क स्थित संघीय अदालत ने गौतम अडानी, उनके भतीजे सागर अडानी और अडानी समूह के वरिष्ठ अधिकारी वीनित जैन के खिलाफ प्रतिभूति धोखाधड़ी और वायर फ्रॉड से जुड़े तीन आपराधिक आरोपों को खारिज कर दिया है। अदालत के इस फैसले के बाद इन तीनों के खिलाफ संबंधित आपराधिक कार्यवाही समाप्त हो गई है।

      अमेरिकी अदालत के फैसले के बाद भारत में भी इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राहुल गांधी ने इसी मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि अडानी समूह से जुड़े मामलों में देश के हितों की अनदेखी की जा रही है।