रायपुर, 12 अगस्त।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष स्टेडियम स्थित ईडी कार्यालय के सामने धरना दिया और कार्यालय का घेराव किया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार के इशारे पर ईडी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
श्री बघेल ने कहा, “भाजपा की चाटुकारिता करने वाली ईडी संभल जाए, सरकार बदलने वाली है।” उन्होंने ईडी से विपक्षी नेताओं के खिलाफ कथित गलत कार्रवाई बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोयला, रेत और शराब के कारोबार में अवैध वसूली हो रही है तथा शराब में ओवररेटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ईडी इन मामलों में कार्रवाई करने का साहस क्यों नहीं दिखाती।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गलत काम करने वाले और विपक्ष के खिलाफ षड्यंत्र करने वाले अधिकारी संभल जाएं तथा गैरकानूनी गतिविधियों और षड्यंत्र से दूर रहें।
भूपेश बघेल ने कहा कि “रामगोपाल अग्रवाल के साथ पूरी कांग्रेस पार्टी खड़ी है।” उन्होंने जेन-जी के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब युवा भी सरकार के कथित अत्याचार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने दावा किया कि युवा ईडी और सीबीआई से डरने वाले नहीं हैं।
उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप लगाते हुए कहा कि कौन नेता और मंत्री कहां वसूली कर रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने निजी हितों के लिए करोड़ों रुपये की संपत्तियां बनवाईं और नया रायपुर के मेफेयर में बैठकर वसूली की गई। बघेल ने कहा कि इन सभी मामलों का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि “खुद गले तक भ्रष्ट हैं और दूसरों को झूठे आरोपों में फंसा रहे हैं।”
धरना-प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, विधायक संगीता सिन्हा, विधायक हर्षित स्वामी बघेल, विधायक रामकुमार यादव, कुंवर सिंह निषाद, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रमोद चौबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, सूर्यमणि मिश्रा, शिव सिंह ठाकुर, अजय साहू, असलम खान, सन्नी अग्रवाल, विनोद तिवारी समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।




