नांदेड़, 13 अगस्त। महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को हमला किया गया। यह घटना गुरुद्वारा माता साहिब कौर परिसर में सुबह करीब 11 बजे हुई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक निहंग ने धारदार हथियार, कथित तौर पर कृपाण से बादल पर हमला किया। हमले में उनके दाहिने हाथ में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए यशोसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी घायल हुए। बताया जा रहा है कि उन्होंने बादल को बचाने की कोशिश की। उनकी चोटों को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने हमले के तुरंत बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की मंशा का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मामले की जानकारी लेते हुए नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं।
घटना के समय सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ तख्त श्री हजूर साहिब के दर्शन के लिए नांदेड़ पहुंचे थे। इसी दौरान गुरुद्वारे में यह हमला हुआ।
2024 में भी हुआ था हमला
सुखबीर सिंह बादल पर यह दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। उस समय बादल धार्मिक सजा के तहत सेवादार के रूप में सेवा कर रहे थे। हमलावर नारायण सिंह चौड़ा ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से बादल बाल-बाल बच गए थे।




