बिलासपुर/रायपुर, 13 अगस्त। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की क्राइम ब्रांच रायपुर एवं नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में विदेशी सोने की तस्करी का खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने ट्रेन में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोने के साथ पकड़ा है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 1.96 करोड़ रुपये बताई गई है।
आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर ने रायपुर टीम को इसकी जानकारी दी और डीआरआई, नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई।
सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर तक ट्रेन में सघन जांच और निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान भंडारा और नागपुर के बीच बी-12 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की पहचान कर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। इसमें 7 सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। बरामद सोने की कीमत लगभग 1.96 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को बरामद सोने सहित डीआरआई, नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया। दोनों के खिलाफ कस्टम्स एक्ट, 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच डीआरआई, नागपुर, महाराष्ट्र द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम के बीच त्वरित सूचना-साझाकरण, सतर्कता और प्रभावी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ द्वारा ट्रेनों और रेलवे परिसरों के माध्यम से अवैध एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।




