होम छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री साय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कहा- विकसित छत्तीसगढ़ हमारा सामूहिक...

मुख्यमंत्री साय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कहा- विकसित छत्तीसगढ़ हमारा सामूहिक लक्ष्य

0

रायपुर, 15 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सरकार का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और छत्तीसगढ़ के वीर नायकों को नमन करते हुए प्रदेश की विकास यात्रा में एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

     मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता के बाद बस्तर में विकास का नया दौर शुरू हुआ है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। बंद स्कूल फिर शुरू किए गए हैं और दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। ‘आजीविका उन्नयन योजना’ के तहत करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

      किसानों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए साय ने कहा कि प्रदेश में 3,100 रुपये प्रति क्विंटल और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का और मिलेट्स जैसी फसलें लेने पर 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। सिंचाई का दायरा बढ़ाने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी और सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का भी उन्होंने उल्लेख किया।

       मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने अब तक 24.50 लाख आवास स्वीकृत किए हैं और प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं। 73 लाख परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न तथा ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 70 लाख महिलाओं को अब तक 19,444 करोड़ रुपये दिए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी। प्रदेश में 13.85 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

       युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और नवाचार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए साय ने कहा कि पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। 5 नए मेडिकल कॉलेज इसी सत्र से शुरू किए जा रहे हैं। 500 करोड़ रुपये के ‘छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन’ के तहत 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे। वहीं युवाओं के स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है।

        औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे 1.74 लाख रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने अधोसंरचना, ऊर्जा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सुशासन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी रेखांकित किया।

      अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने ऋग्वेद के मंत्र संगच्छध्वं, सं वदध्वं, सं वो मनांसि जानताम् का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से एकजुट होकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।