होम ब्रेकिंग न्यूज पुणे में आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’...

पुणे में आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ का चौथा बड़ा कार्यक्रम

0

पुणे, 22 अगस्त। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत छात्रों से संवाद करेंगे। अभियान के तहत यह चौथा बड़ा कार्यक्रम है। इससे पहले राहुल गांधी कोटा, देहरादून और प्रयागराज में छात्रों के साथ संवाद कर चुके हैं।

     राहुल गांधी का कार्यक्रम पुणे के SSPMS कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा। पुणे पुलिस ने कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजकों के लिए 30 शर्तें निर्धारित की गई हैं। इनमें आपत्तिजनक पोस्टर, बैनर और तस्वीरें लगाने पर रोक सहित कई अन्य दिशा-निर्देश शामिल हैं।

     कार्यक्रम में देशभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस बार संवाद का विशेष फोकस छात्राओं से जुड़े मुद्दों पर रहेगा। शिक्षा, सुरक्षा, समानता, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और करियर के अवसर जैसे विषयों पर छात्रों के साथ खुलकर चर्चा होने की संभावना है।

     ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य युवाओं और छात्रों को अपनी समस्याएं, सुझाव और विचार स्वतंत्र रूप से सामने रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को व्यापक राजनीतिक एवं सामाजिक विमर्श का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

     राहुल गांधी इससे पहले 17 जून को राजस्थान के कोटा, 17 जुलाई को देहरादून और 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों के साथ संवाद कर चुके हैं। इन कार्यक्रमों में पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई थी।

    इन संवाद कार्यक्रमों के दौरान राहुल गांधी ने कई अवसरों पर छात्रों और शिक्षकों को भी मंच पर अपनी बात रखने का मौका दिया। पुणे के कार्यक्रम में भी छात्रों की समस्याओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को सीधे सुनने पर जोर रहने की उम्मीद है।