होम उत्तर प्रदेश पीडीए को लेकर सपा-भाजपा में तेज हुई जुबानी जंग, अखिलेश ने योगी...

पीडीए को लेकर सपा-भाजपा में तेज हुई जुबानी जंग, अखिलेश ने योगी पर साधा निशाना

0

लखनऊ, 22 अगस्त। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच ‘पीडीए’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीडीए के ‘पी’ को पाकिस्तान से जोड़कर सपा पर निशाना साधे जाने के बाद सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पलटवार किया है।

    श्री यादव ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है और इसी वजह से उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “एकरंगी क्या जानें पीडीए के बहुरंग।” अखिलेश के मुताबिक पीडीए का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और सरकारी बजट की कथित लूट को प्राथमिकता देने का आरोप भी लगाया।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में सपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि समाजवादी पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदलती है और पीडीए में ‘पी’ का मतलब एक दिन पाकिस्तान कर देगी। उन्होंने यह भी कहा था कि सपा का ‘पी’ पहले पिछड़ा था और बाद में पंडित हो गया। इसके जवाब में अखिलेश ने कहा, “पी का मतलब पाकिस्तान-भाजपा का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा पीडीए से परेशान है और जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए मजबूत होगा।

सरकार पर उत्पीड़न का आरोप

    श्री यादव ने भाजपा सरकार पर विपक्ष और पीडीए से जुड़े समाज के लोगों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए प्रदेश में कथित फर्जी मुठभेड़ों का मुद्दा उठाया। उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि सरकार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तथा प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया गया।

    उन्होंने कहा कि भाजपा के कथित राजनीतिक षड्यंत्र को विफल करने की ताकत केवल समाजवादी पार्टी के पास है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

महंगाई और इथेनॉल के मुद्दे पर हमला

     महंगाई को लेकर भी अखिलेश ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आम आदमी के लिए रोजमर्रा की जरूरत की लगभग हर चीज महंगी हो गई है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने और चीनी की कीमतों का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर मुनाफाखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।

     अखिलेश ने सरकार से सवाल किया कि यदि करीब 15 करोड़ लोगों को गरीब मानते हुए उन्हें आयुष्मान कार्ड दिया गया है, तो उनकी प्रति व्यक्ति आय कितनी है। उन्होंने सरकार से इस आंकड़े को स्पष्ट करने की मांग की।

सभी 403 सीटों पर तैयारी का दावा

     सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी अपने सहयोगी दलों के साथ प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी दोहरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। अखिलेश ने कहा, सपा किसी को छोड़कर नहीं जाती, सपा को लोग छोड़कर जाते हैं।”

     उन्होंने प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव की स्थिति को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के नाम पर बड़ी धनराशि खर्च किए जाने के बावजूद शहरों की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रयागराज में विकास कार्यों पर भारी खर्च के बावजूद सामने आ रही समस्याओं का हवाला दिया और कहा कि लखनऊ में भी जलभराव ने सरकारी दावों पर सवाल खड़े किए हैं।

     विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन पीडीए की राजनीति और इसे लेकर सपा-भाजपा के बीच बढ़ती बयानबाजी से साफ है कि उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल बनने से पहले ही सियासी मुकाबले की जमीन तैयार होने लगी है।