होम छत्तीसगढ़ तेज बारिश से मठपुरैना की शिवा रेसिडेंसी फेज-1 जलमग्न, जल निकासी व्यवस्था...

तेज बारिश से मठपुरैना की शिवा रेसिडेंसी फेज-1 जलमग्न, जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

0

रायपुर, 23 अगस्त। राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर करीब डेढ़ से दो घंटे हुई तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की एक बार फिर पोल खोल दी। कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ। मठपुरैना स्थित शिवा रेसिडेंसी फेज-1 में भी बारिश का पानी भर जाने से रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

      कॉलोनी की आंतरिक सड़कें पानी में डूब जाने के कारण लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना और वापस घर पहुंचना मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर सड़क और पानी का स्तर एक जैसा नजर आया। रहवासियों को अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने के साथ ही पैदल आवागमन में भी परेशानी उठानी पड़ी।

बाहर की सड़क ऊंची, कॉलोनी में पहुंच रहा पानी

    शिवा रेसिडेंसी फेज-1 के रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी के बाहर नगर निगम की सड़क का स्तर पहले की तुलना में काफी ऊंचा हो गया है। इसके साथ ही बाहर की सड़क की नाली को कॉलोनी की आंतरिक नाली से जोड़ दिया गया है। उनका आरोप है कि तेज बारिश के दौरान बाहर की सड़क का पानी निकासी के बजाय कॉलोनी की ओर आने लगता है, जिससे कुछ ही समय में आंतरिक सड़कें जलमग्न हो जाती हैं।

रहवासियों के अनुसार, बारिश थमने के बाद भी पानी तत्काल नहीं निकलता। कई बार जलभराव की स्थिति कम होने में करीब दो घंटे या उससे अधिक समय लग जाता है। इस दौरान घरों के मुख्य द्वार तक पानी पहुंच जाने से लोगों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए बाहर निकलने में काफी दिक्कत होती है।

  कॉलोनीवासियों का कहना है कि यह कोई पहली बार की समस्या नहीं है। हर मानसून में जब भी तेज बारिश होती है, जलभराव की स्थिति बन जाती है। उनका कहना है कि कॉलोनी के भीतर बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त और प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।