होम उत्तर प्रदेश सीएम योगी आज रायबरेली में, अरबों की सौगात देने के साथ देगे...

सीएम योगी आज रायबरेली में, अरबों की सौगात देने के साथ देगे सियासी संदेश भी…

0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रायबरेली आएंगे। एक दिवसीय दौरे में वह जिले को अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जनसभा के माध्यम से सियासी संदेश भी देंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रविवार देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली गईं। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कराई गई है।

मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद अमोल विहार पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राना बेनीमाधवबख्श सिंह के नाम पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। फिरोज गांधी कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें करीब 300 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा अन्य विभागों की परियोजनाओं की भी सौगात जिले को मिलने की उम्मीद है।

फिरोज गांधी कॉलेज में मुख्यमंत्री के करीब दो घंटे रहने की बात कही जा रही है। हालांकि रविवार देर शाम तक जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री का विस्तृत लिखित कार्यक्रम जारी नहीं किया गया था। डीएम सरनीत कौर ब्रोका और एसपी रवि कुमार ने रविवार को कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने हेलीपैड, मंच, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, वीआईपी आवागमन और जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का रायबरेली दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने की तैयारी की गई है। विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ मुख्यमंत्री सरकार की उपलब्धियां गिनाने और जनता के बीच आगामी योजनाओं का संदेश दे सकते हैं।

कई जिलों की पुलिस संभालेगी सुरक्षा
मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए रायबरेली के अलावा कई अन्य जिलों से पुलिस बल बुलाया गया है। एसपी रवि कुमार ने बताया कि हरदोई, लखनऊ, अंबेडकरनगर समेत अन्य जिलों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर जिम्मेदारी दी गई है।

शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह के अनुसार कैनाल रोड, जेल रोड और नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग तक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। मुख्यमंत्री का काफिला इन्हीं मार्गों से गुजरेगा। शहर के बाहर से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।