होम खास ख़बर बिलासपुर में लैंडिंग के वक्त फटा विमान का टायर, 60 यात्री बाल-बाल...

बिलासपुर में लैंडिंग के वक्त फटा विमान का टायर, 60 यात्री बाल-बाल बचे

0

बिलासपुर, 28 अगस्त। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से पहुंची एलाइंस एयर( Alliance Air) की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होते-होते बच गई। रनवे पर उतरते समय विमान के दाहिने पहिए का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद विमान कुछ दूरी तक रनवे पर घिसटता हुआ आगे बढ़ा, लेकिन पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया।

     विमान में करीब 60 यात्री सवार थे और सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। विमान के सुरक्षित रुकने के बाद यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया।

     प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से बिलासपुर पहुंची Alliance Air की फ्लाइट शुक्रवार को बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर लैंड कर रही थी। जैसे ही विमान के पहिए रनवे से टकराए, उसके दाहिने हिस्से का टायर फट गया। टायर फटने के बाद पहिए से जुड़ा हिस्सा भी रनवे से टकराया, जिससे विमान को रोकने में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। कुछ रिपोर्टों में टायर में आग लगने की सूचना भी सामने आई है।

    घटना के बाद एयरपोर्ट पर तत्काल सुरक्षा और तकनीकी टीम सक्रिय हो गई। विमान को रनवे से हटाने के लिए इंजीनियरों की मदद ली जा रही है। विमान के टायर फटने के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।

रनवे पर विमान रुकने से उड़ानें प्रभावित

    विमान के रनवे पर ही रुक जाने के कारण बिलासपुर एयरपोर्ट से दूसरी उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। विशेष रूप से बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया गया। एयरपोर्ट का रनवे विमान के हटने और आवश्यक तकनीकी जांच पूरी होने तक प्रभावित रहने की जानकारी सामने आई है।

   बिलासपुर-प्रयागराज मार्ग पर Alliance Air की सीधी उड़ान संचालित होती है।

पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

     लैंडिंग के दौरान टायर फटने के बाद विमान के रनवे पर कुछ दूरी तक घिसटने की स्थिति बनी। ऐसे समय में पायलट की सतर्कता और त्वरित निर्णय बेहद महत्वपूर्ण रहा। विमान को नियंत्रित कर सुरक्षित रोक लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

     घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। विमान की तकनीकी स्थिति और टायर फटने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि हादसे में विमान में सवार सभी 60 यात्री सुरक्षित हैं।