रायपुर, 29 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ से नक्सल समस्या के उन्मूलन के लिए हरसंभव सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में नक्सलवाद के प्रभाव को प्रभावी ढंग से कम करना भी शामिल है। नक्सल प्रभाव कम होने के बाद बस्तर सहित वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के छत्तीसगढ़ से पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य निर्माण के समय नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उनका छत्तीसगढ़ के विकास से निरंतर जुड़ाव बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर आने के बाद बस्तर और अन्य वनांचल क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे लोगों को अब बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन की सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने वरिष्ठ भाजपा नेता शिवप्रकाश को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री का दायित्व मिलने पर बधाई दी।
भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई कठिन चुनौतियों को अवसर में बदलकर देश के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने गुजरात के पुनर्निर्माण को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में गुजरात को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया गया।
श्री शिवप्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश में बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ है। विश्वस्तरीय रेलवे, आधुनिक हवाई अड्डे और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार के साथ ‘मेक इन इंडिया’ को बढ़ावा मिला है। उन्होंने सरकार की योजनाओं में महिला सशक्तीकरण को भी प्रमुख प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि जन-धन खातों के माध्यम से सीधे लाभ हस्तांतरण, महिलाओं को राशन कार्ड में परिवार का मुखिया बनाने और तीन तलाक जैसी प्रथाओं के खिलाफ कानून जैसे कदमों से महिलाओं के अधिकार मजबूत हुए हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को उन्होंने सरकार के प्रमुख निर्णयों में शामिल बताया।
शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यशैली से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च पद पर रहते हुए भी प्रधानमंत्री ‘संगठन सर्वोपरि’ की भावना का पालन करते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठकों में सामान्य कार्यकर्ता की तरह शामिल होना और संगठनात्मक प्रोटोकॉल का पालन करना उनके संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।




